करंट लगाकर तेंदुए को मारा, राज खुलने के डर से कुएं में फेंका

IMG 20260323 WA0001 News E 7 Live

करंट लगाकर तेंदुए को मारा, राज खुलने के डर से कुएं में फेंका

छतरपुर: तेंदुए की मौत कुएं में गिरने से नहीं हुई बल्कि करंट लगने से हुई थी. वन विभाग ने जांच के बाद माना कि तेंदुए की मौत करंट लगने से हुई थी और साक्ष्य छिपाने के लिए उसे खेत में फेंक दिया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद इस बाद की पुष्टि हुई है. इसके बाद वन विभाग की टीम ने जांच के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

कुएं में तैरती मिली थी तेंदुए की लाश

यह घटना छतरपुर से 100 किलोमीटर बंशिया थाना क्षेत्र की है. यहां कालिया बाबा के पास एक खेत के कुएं में शुक्रवार को तेंदुआ की लाश मिली थी. तेंदुए की यह लाश 6 से 7 दिन पुरानी थी. सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए के शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम किया गया.

तेंदुए के शव की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को पन्ना रिजर्व टाइगर से डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे दिन सर्चिंग की गई. वन विभाग के डीएफओ ऋषि मिश्रा, एसडीओ स्वामी कार्तिकेय नायक, डिप्टी रेंजर नीलेश प्रजापति भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की. पोस्टमार्टम के लिए पन्ना टाईगर रिजर्व से डॉक्टरों की टीम बुलाई गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलासा हुआ कि तेंदुए की मौत करंट लगने से हुई थी ना कि कुएं में गिरने से तेंदुए की मौत हुई है.

शनिवार शाम तक घटना का खुलासा होने के बाद वन विभाग की टीम को खेत में ही करंट फैलाए जाने वाले बिजली के तार और खूंटी भी बरामद हुई है. खेत मालिक ने मामले को दूसरी तरफ मोड़ने के लिए तेंदुए को कुएं में फेंक दिया था. इसके बाद पुलिस ने बंशिया के रहने वाले खेत मालिक फूलचंद अग्निहोत्री को गिरफ्तार कर लिया. फूलचंद अग्निहोत्री के खेत पर स्थित बिना मुंडेर के कुएं से तेंदुए को वन विभाग ने बरामद किया था. वन विभाग ने मृत तेंदुआ का अंतिम संस्कार कर दिया है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खेत मालिक गिरफ्तार

खजुराहो के डिप्टी रेंजर नीलेश प्रजापति ने बताया कि “पूरी रात तेंदुआ का शव खेत पर ही रखा रहा. शनिवार सुबह पन्ना रिजर्व टाइगर से डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे दिन सर्चिग की गई. पोस्टमार्टम किया गया और शाम तक घटना का खुलासा हुआ कि खेत में ही करंट फैलाए जाने वाले बिजली के तारों में फंसकर तेंदुए की मौत हुई थी.”

छतरपुर वन मंडल अधिकारी ऋषि मिश्रा ने बताया की “एक कुएं में 5 से 7 दिन पुरानी तेंदुए की बॉडी मिली थी. शुरुआत में यही लगा कि जंगल से लगे हुए खेत में तेंदुए अपना शिकार करने आया होगा कुएं में गिरने से उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद पुष्टि हुई है कि करंट से तेंदुआ की मौत हुई है. इसके बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. मृत तेंदुआ का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार करा दिया गया है. जांच अभी भी जारी है. “

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button