चुरहट के झदवा धाम बूढ़ी माता मंदिर में अभ्यंत गुरुकुलम द्वारा भंडारे का आयोजन


चुरहट के झदवा धाम बूढ़ी माता मंदिर में अभ्यंत गुरुकुलम द्वारा भंडारे का आयोजन
दही-जलेबी का हुआ वितरण
चुरहट। सीधी जिले के चुरहट नगर में स्थित झदवा धाम बूढ़ी माता मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था और सेवा भाव का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां अभ्यंत गुरुकुलम कोचिंग सेंटर द्वारा श्रद्धापूर्वक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
भंडारे के दौरान श्रद्धालुओं को दही एवं जलेबी का प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में पूरे समय भक्तिमय वातावरण बना रहा और लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर नगर के कई समाजसेवियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में आचार्य अजीत नामदेव, समाजसेवी सतीश सोनी, विजय सोनी, सुखनंदन सोनी, शिवम एवं किशन सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
