तेज रफ्तार का कहर,बोलेरो की टक्कर से दो युवकों की मौत, चालक फरार, देर रात पकड़ाया

20260328 201830 News E 7 Live

तेज रफ्तार का कहर, बोलेरो की टक्कर से दो युवकों की मौत, चालक फरार, देर रात पकड़ाया

सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंद्रेह में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो युवकों की जान चली गई। यह हादसा शनिवार शाम करीब 7:00 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने सड़क किनारे बैठे दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चंद्रेह निवासी हर्षित विश्वकर्मा और विपिन विश्वकर्मा अपने घर के पास सड़क किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान लापरवाही पूर्वक तेज गति से आ रही बोलेरो ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर बोलेरो वाहन की पहचान कर उसे जप्त कर लिया गया।

रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए रीवा जिले की सीमा से आरोपी चालक को पकड़ लिया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button