दहशत की रात, 12 हाथियों का झुंड गांव में घुसा, 21 एकड़ फसल तबाह, ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों से खदेड़ा

दहशत की रात, 12 हाथियों का झुंड गांव में घुसा, 21 एकड़ फसल तबाह, ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों से खदेड़ा
एमपी के सीधी जिले के पोड़ी रेंज अंतर्गत आगरझिरिया बीट के ग्राम करूहा में रविवार रात करीब 10 बजे अचानक हाथियों का बड़ा झुंड घुस आया, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। रातभर चले इस घटनाक्रम ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी और सुबह तक दहशत का माहौल बना रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, करीब 12 हाथियों का झुंड गांव में प्रवेश कर गया और खेतों में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान 8 किसानों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। खास तौर पर दीपक यादव और मथुरा यादव के करीब 4 खेतों में लगी लगभग 21 एकड़ गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। हाथियों ने सिर्फ फसल ही नहीं रौंदी, बल्कि सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर पाइप को भी तोड़ दिया, जिससे किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ी है।
इस घटना की सूचना मिलते ही गांव के ही रमेश मिश्रा और वीरबल मिश्रा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर हल्ला-गोहार मचाया। ढोल-नगाड़े बजाकर और शोर मचाकर हाथियों को किसी तरह जंगल की ओर भगाया गया, जिसके बाद गांव वालों ने राहत की सांस ली।
बताया यह भी जा रहा है कि इस क्षेत्र के जंगलों में हाथियों की आवाजाही पहले से बनी हुई है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में एक साथ गांव में घुसने की घटना ने लोगों को डरा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते हाथियों को नहीं भगाया जाता, तो जनहानि भी हो सकती थी।
इस मामले की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र के डीएफओ राजेश कन्ना टी ने बताया कि इस इलाके में हाथियों का मूवमेंट बना रहता है और टीम लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी स्थिति में हाथियों के करीब न जाएं, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
