धनहा मोड़ पर भीषण सड़क हादसा,दो बाइकों की टक्कर में दो युवक गंभीर घायल


धनहा मोड़ पर भीषण सड़क हादसा,दो बाइकों की टक्कर में दो युवक गंभीर घायल, एक की पहचान अब तक नहीं
एमपी के सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धनहा में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की पहचान राजेश साकेत के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
वही प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दुर्घटना रात करीब 11 बजे धनहा मोड़ पर हुई। गांव के निवासी आशीष रावत ने बताया कि तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में सड़क पर गिरी हुई थीं और दोनों युवक घायल अवस्था में पड़े थे।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर कर दिया।
इस हादसे की खबर मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और घायलों की मदद में जुट गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि धनहा मोड़ पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
वहीं इस मामले मे खड्डी चौकी प्रभारी नीरज साकेत ने बताया कि घटना की सूचना रात में ही प्राप्त हो गई थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता घायलों को तत्काल उपचार दिलाना था। फिलहाल किसी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलने के बाद मामले की विधिवत जांच की जाएगी।
वही यह हादसा एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मोड़ पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
