पेट्रोल को लेकर अफवाहों से मचा हड़कंप, पंपों पर उमड़ी भीड़,प्रशासन बोला नहीं है कोई कमी


पेट्रोल को लेकर अफवाहों से मचा हड़कंप, पंपों पर उमड़ी भीड़,प्रशासन बोला नहीं है कोई कमी
एलपीजी गैस की किल्लत की खबरों के बीच अब पेट्रोल को लेकर भी शहर में अफवाहों का दौर शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं ने लोगों के बीच पैनिक का माहौल बना दिया है, जिसके चलते शहर के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के लिए लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं।
जहा स्थानीय पेट्रोल पंप संचालक प्रणव कनौडिया के अनुसार, वास्तविक स्थिति सामान्य है और पेट्रोल की कोई स्थायी कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि अफवाहों के कारण लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवा रहे हैं, जिससे अचानक मांग बढ़ गई है और कुछ पंपों पर अस्थायी रूप से स्टॉक खत्म हो रहा है।
हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि तेल कंपनियों द्वारा क्रेडिट सप्लाई बंद किए जाने से कुछ पंप संचालकों को वित्तीय दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी कारण कई जगहों पर समय-समय पर टंकी खाली होने जैसी स्थिति बन रही है, जिससे लोगों में और अधिक भ्रम फैल रहा है।
अब इस पूरे मामले पर प्रतिभा पाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल भरवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सप्लाई पूरी तरह सुचारू है।
वही विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की अफवाहें बाजार में कृत्रिम संकट पैदा कर देती हैं, जिससे आम जनता को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। यदि लोग संयम और समझदारी से काम लें, तो ऐसी स्थिति आसानी से नियंत्रित की जा सकती है।
जहा प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखें, ताकि शहर में ईंधन की आपूर्ति सामान्य बनी रहे।
