भुईमाड़ थाना घेराव,आदिवासियों का फूटा गुस्सा, युवक से मारपीट व करंट लगाने का आरोप,कार्रवाई की मांग तेज

IMG 20260316 WA0030 News E 7 Live

भुईमाड़ थाना घेराव,आदिवासियों का फूटा गुस्सा, युवक से मारपीट व करंट लगाने का आरोप,कार्रवाई की मांग तेज

एमपी के सीधी जिले के भुईमाड़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब सैकड़ों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग भुईमाड़ थाना परिसर पहुंचकर घेराव और विरोध प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक युवक के साथ थाने में बेरहमी से मारपीट की गई और उसे करंट भी लगाया गया। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चंद्ररसा निवासी धर्मराज सिंह (36 वर्ष) ने आरोप लगाया है कि 28 फरवरी 2026 की दरमियानी रात भुईमाड़ थाने में पदस्थ एसआई गोपाल सिंह ने शराब के नशे में उसे गाली-गलौज करते हुए घर से उठवा लिया। पीड़ित का कहना है कि उसे थाने में न ले जाकर किसी अन्य स्थान पर ले जाया गया, जहां एक कमरे में बंद कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। धर्मराज सिंह का आरोप है कि इस दौरान उससे पैसों की मांग भी की गई और जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो उसके हाथ-पैर बांधकर उसे करंट लगाया गया, जिससे वह बेहोश हो गया। होश आने के बाद उसे छोड़ दिया गया।

इस घटना के बाद जब यह बात परिजनों और ग्रामीणों तक पहुंची तो क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। सोमवार सुबह करीब 11 बजे से सैकड़ों ग्रामीण भुईमाड़ थाने पहुंच गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वही बताया जा रहा है कि घायल धर्मराज सिंह के परिवार में दो बेटे, पत्नी और मां हैं। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। ऐसे में घटना के बाद परिवार की स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है।

वही प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक थाना परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा। गौरतलब है कि भुईमाड़ थाना जिला मुख्यालय सीधी से लगभग 110 किलोमीटर दूर स्थित है। वहीं इस पूरे मामले को लेकर थाना प्रभारी भुईमाड़ ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि मामले की विभागीय जांच होगी और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। फिलहाल ग्रामीण आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button