होली शांतिपूर्वक मनाने की अपील, नशे में वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

कुसमी थाना परिसर में शांति समिति की अहम बैठक, होली शांतिपूर्वक मनाने की अपील, नशे में वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

एमपी के सीधी जिले के कुसमी थाना परिसर में होली पर्व को लेकर शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने की, जिसमें जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं विभिन्न समुदायों के प्रमुख लोग उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी होली पर्व को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना रहा।

वही बैठक के दौरान डॉ. दीपक सिंह ने उपस्थित लोगों से अपील की कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का पर्व है, इसे शांति और संयम के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार के नाम पर किसी भी प्रकार की अशांति, विवाद या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करें और सामाजिक समरसता बनाए रखें।

पूरे मामले मे थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशे की हालत में बाइक या फोर व्हीलर चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह आमजन की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित समय सीमा और नियमों के अनुरूप ही किया जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ संदेशों से बचने की अपील की गई तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों पर निगरानी रखने की बात कही गई।

साथ ही अंत में थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और त्योहार के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने सभी से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही होली का पर्व हर्षोल्लास और शांति के साथ संपन्न होगा।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button