“छोटी उम्र, बड़ा हौसला: साक्षी जायसवाल ने संभाली जनपद सीईओ की कमान”


“छोटी उम्र, बड़ा हौसला: साक्षी जायसवाल ने संभाली जनपद सीईओ की कमान”
सीधी जिले से एक बेहद प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक पहल सामने आई है, जिसने यह साबित कर दिया कि सपनों की कोई उम्र नहीं होती। सिहावल जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत पैगम्मांबाद की माध्यमिक शाला की कक्षा 8 की छात्रा साक्षी जायसवाल ने “संकल्प से समाधान शिविर” के तहत एक दिन के लिए जनपद पंचायत सीईओ का पद संभालकर सबको आश्चर्यचकित कर दिया।
एक दिन की सीईओ बनी साक्षी ने पूरे आत्मविश्वास और गंभीरता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इस दौरान उन्होंने न केवल जनपद कार्यालय की कार्यप्रणाली को करीब से समझा, बल्कि प्रशासनिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाकर अपनी नेतृत्व क्षमता का भी शानदार प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं बल्कि उसे प्रदेश के 55 जिलों के नाम अक्षरशः याद हैं, उनकी कार्यशैली और जिज्ञासा ने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावित किया।
जनपद पंचायत सीईओ रश्मि पांडे ने इस पहल को बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि “संकल्प से समाधान शिविर” का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराना और उनमें नेतृत्व, जिम्मेदारी और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के प्रयास बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करते हैं।
यह पहल न केवल शिक्षा के महत्व को रेखांकित करती है, बल्कि बेटियों के सशक्तिकरण का भी सशक्त संदेश देती है। साक्षी जायसवाल की यह उपलब्धि आज पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है।
