रेडक्रॉस हॉस्पिटल निर्माण हेतु भूमिपूजन, सांसद डॉ. राजेश मिश्र रहे मुख्य अतिथि

सीधी में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती,रेडक्रॉस हॉस्पिटल निर्माण हेतु भूमिपूजन, सांसद डॉ. राजेश मिश्र रहे मुख्य अतिथि

एमपी के सीधी जिले के जमोड़ी सेगरान में रेडक्रॉस हॉस्पिटल भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सीधी के सांसद डॉ. राजेश मिश्र मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार जनहित की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। रेडक्रॉस हॉस्पिटल का निर्माण आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

इस कार्यक्रम का आयोजन इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की सीधी शाखा द्वारा किया गया। समारोह की अध्यक्षता सोसाइटी के मध्य प्रदेश अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. श्याम सिंह कुमरे ने की। इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती मंजू सिंह सेंगर सहित अनेक गणमान्यजन और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सांसद डॉ. मिश्र ने रेडक्रॉस सोसाइटी की पूरी टीम को इस जनहितकारी पहल के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि अस्पताल के निर्माण से क्षेत्रवासियों को समय पर उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

वही मिली जानकारी के अनुसार, रेडक्रॉस हॉस्पिटल भवन का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा किया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 2 करोड़ 60 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इस कार्य के लिए नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) एरिया सिंगरौली से स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है की रेडक्रॉस सोसाइटी के अस्पताल बनने से क्षेत्र के लोगों को कई महत्वपूर्ण लाभ प्राप्त होंगे। ऐसे अस्पताल सामान्यतः आपातकालीन चिकित्सा, प्राथमिक उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, रक्तदान एवं रक्त उपलब्धता, और स्वास्थ्य परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं। इससे मरीजों को दूरस्थ शहरों में इलाज के लिए जाने की आवश्यकता कम होगी, उपचार में होने वाली देरी घटेगी और स्वास्थ्य पर पड़ने वाला अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी कम होगा।

वही साथ ही, स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य ढांचे के सुदृढ़ होने से जनस्वास्थ्य में सुधार और जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। सांसद डॉ. राजेश मिश्र ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अस्पताल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक नया मील का पत्थर साबित होगा।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button