शहर के बीच मिला रहस्यमय शव, PTS कॉलोनी के सामने दोपहर में मचा हड़कंप

शहर के बीच मिला रहस्यमय शव, PTS कॉलोनी के सामने दोपहर में मचा हड़कंप

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

जिला मुख्यालय में शनिवार दोपहर उस वक्त हलचल मच गई जब PTS कॉलोनी के ठीक सामने झाड़ियों के भीतर एक युवक का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी सबसे पहले वहां से गुजर रहे राहगीरों को हुई। उन्होंने झाड़ियों में संदिग्ध स्थिति में पड़े युवक को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने आसपास का क्षेत्र खाली कराया और प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत हो चुकी है। शव झाड़ियों के बीच पड़ा था, जिससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि घटना कहीं और हुई या फिर युवक वहीं पहुंचा, इस बारे में अभी कुछ साफ नहीं है।

पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से तलाशी ली, लेकिन मृतक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। यही वजह है कि युवक की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के रहवासियों और दुकानदारों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या किसी ने युवक को पहले इलाके में देखा था।

कोतवाली थाना प्रभारी मदन सिंह मरावी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

घटना स्थल शहर के प्रमुख क्षेत्र के पास होने के कारण लोगों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे संदिग्ध मान रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि युवक बाहरी हो सकता है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना ठोस साक्ष्य किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने की तैयारी में है। साथ ही आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। फिलहाल इस रहस्यमय मौत ने शहर में कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएंगे।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button