फर्जी जॉब लेटर का जाल: टाइगर रिजर्व की नौकरी के नाम पर 8 लाख की ठगी

IMG 20250623 194614 News E 7 Live

फर्जी जॉब लेटर का जाल,टाइगर रिजर्व की नौकरी के नाम पर 8 लाख की ठगी

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

जिले के चर्चित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से जुड़ा एक हैरान करने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जहां सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर दो युवकों से लाखों रुपये ठग लिए गए। शातिर ठगों ने खुद को प्रभावशाली बताकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिए और युवकों से करीब 8 लाख रुपये वसूल लिए।

IMG 20260317 WA0041 News E 7 LiveIMG 20260317 WA0040 News E 7 Live

पीड़ित युवक दीपु शर्मा (देवरिया, उत्तर प्रदेश) और सौरव मिश्रा (गोरखपुर, उत्तर प्रदेश) नौकरी की उम्मीद लेकर उमरिया पहुंचे थे। उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि उनकी नियुक्ति बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हो चुकी है। इसी विश्वास के साथ दोनों युवक जिला मुख्यालय के पास एक मकान में किराए से रहने लगे और खुद को रिजर्व का कर्मचारी बताने लगे।

लेकिन उनकी दिनचर्या ने ही सारा राज खोल दिया। वे न तो कभी ड्यूटी पर जाते थे और न ही उनके पास कोई वर्दी या पहचान से जुड़ा सामान था। मकान मालिक को जब लगातार संदेह हुआ, तो उसने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब युवकों से पूछताछ की और उनके दस्तावेजों की जांच की, तो पूरा मामला सामने आ गया। युवकों के पास मौजूद नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी पाए गए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि अविराज सिंह नाम के एक व्यक्ति ने उन्हें सरकारी नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए और बदले में यह नकली पत्र थमा दिए।

मामले के सामने आते ही टाइगर रिजर्व प्रशासन भी हरकत में आया। उपसंचालक योहान कटारा ने साफ शब्दों में कहा कि रिजर्व की ओर से इस तरह का कोई नियुक्ति पत्र जारी नहीं किया गया है और यह पूरी तरह जालसाजी का मामला है।

एसडीओपी पी.एल. परस्ते के अनुसार, इस ठगी के तार उत्तर प्रदेश से जुड़े होने की आशंका है। ऐसे में युवकों को उनके गृह क्षेत्र में जीरो एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी गई है, ताकि पूरे नेटवर्क की जांच हो सके और आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

फिलहाल पुलिस अविराज सिंह और उसके गिरोह की तलाश में जुटी हुई है। यह घटना एक बड़ी चेतावनी भी है कि सरकारी नौकरी के नाम पर मिलने वाले झूठे वादों से सावधान रहें, क्योंकि एक छोटी सी चूक भारी नुकसान में बदल सकती है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button