नहर में गिरी बोलेरो,तहसीलदार आशीष मिश्रा की तत्परता से बड़ा हादसा टला, समय रहते वाहन निकाला गया


नहर में गिरी बोलेरो,तहसीलदार आशीष मिश्रा की तत्परता से बड़ा हादसा टला, समय रहते वाहन निकाला गया
एमपी के सीधी जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र में बुधवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर बाणसागर नहर में जा गिरा। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। वाहन राम केवट निवासी बुढगौना का था, जबकि उसे कृष्ण केवट, निवासी ग्राम मझिगवा चला रहा था।
वही प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नहर में जा घुसा। उस समय नहर में लगभग 20 फीट तक पानी भरा हुआ था, जिससे वाहन पूरी तरह डूब गया और कुछ समय तक उसका कोई पता नहीं चल सका। हालांकि, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह तैरकर बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। उसे मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। इस पूरे मामले में तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष मिश्रा की भूमिका बेहद अहम रही। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत बाणसागर नहर का पानी बंद कराने के निर्देश दिए, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन को सुरक्षित तरीके से अंजाम दिया जा सके।
जहा गुरुवार सुबह से ही तहसीलदार आशीष मिश्रा अपनी टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पानी का स्तर कम होने के बाद क्रेन की मदद से डूबे हुए बोलेरो वाहन को बाहर निकाला गया। इस पूरे ऑपरेशन को सावधानी और तेजी के साथ पूरा किया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
वही तहसीलदार आशीष मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और समय रहते कार्रवाई की गई, जिसके चलते बड़ा नुकसान टल गया। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें और जहां तक संभव हो, नहर किनारे के रास्तों का उपयोग करने से बचें।
जहा इस घटना ने एक बार फिर सावधानी और प्रशासनिक तत्परता के महत्व को उजागर किया है, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
