करवाही ग्राम पंचायत में जल संरक्षण की मुहिम तेज, तालाब परिसर में चला सफाई अभियान।


करवाही ग्राम पंचायत में जल संरक्षण की मुहिम तेज, तालाब परिसर में चला सफाई अभियान।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्रामीणों ने ली स्वच्छता और जल स्रोत संरक्षण की शपथ।
सीधी जिले में चल रहे जल संरक्षण अभियान को गति देते हुए जनपद पंचायत सीधी की ग्राम पंचायत करवाही में सोमवार 30 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत परिसर स्थित तालाब के समीप व्यापक सफाई अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत स्थानीय जल स्रोतों की साफ-सफाई, पुनर्जीवन और संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती नीता सिंह द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पुरानी जल संरचनाओं की नियमित सफाई का सामूहिक शपथ दिलाकर की गई। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने ग्रामीणों से तालाब, कुएं, बावड़ी और नदियों की नियमित सफाई में सहयोग करने का आह्वान किया।
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 19 मार्च 2026 से जिलेभर में जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत जल स्रोतों की सफाई, नदियों और तालाबों का गहरीकरण, पारंपरिक जल संरचनाओं का संरक्षण तथा भूजल संवर्धन के लिए विशेष कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा आधुनिक तकनीकों जैसे सीआईएस एवं एआई आधारित सर्वेक्षण के माध्यम से जल स्रोतों का मानचित्रण और संरक्षण की योजनाएं भी तैयार की जा रही हैं।
अभियान के दौरान खेत तालाब, अमृत सरोवर जैसी नवीन संरचनाओं के निर्माण पर भी जोर दिया जा रहा है। साथ ही प्राचीन और ऐतिहासिक जल संरचनाओं के पुनर्जीवन, जल वितरण प्रणालियों की साफ-सफाई तथा वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने श्रमदान कर तालाब परिसर की सफाई की और आसपास फैले कचरे को हटाया।
इस अवसर पर समाजसेवी अखण्ड प्रताप सिंह ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजना नहीं बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने-अपने घरों में पानी की बचत करने और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था अपनाने की अपील की। सचिव अनिल मिश्रा ने बताया कि पंचायत स्तर पर जल संरक्षण से संबंधित गतिविधियों को लगातार जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में जीआरएस उमेश रजक, उप सरपंच रामभरोसे नापित, कामता प्रसाद गुप्ता, श्रीमती अंकिता गुप्ता आंगनवाड़ी सहायिका, पंच यशोदा लोनी, सुखलाल शाहू, नारायण प्रजापति, राम मिलन यादव, फूलमती बैगा, खातून बीबी, राजीव लोचन सिंह, अजय लोनी सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे जल स्रोतों की रक्षा करेंगे, गंदगी नहीं फैलाएंगे और जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देंगे। इस अभियान से गांव में स्वच्छता और जल बचत के प्रति नई जागरूकता देखने को मिली है।
