दिनदहाड़े ज्वेलर्स शॉप में स्मार्ट चोरी , ग्राहक बनकर आईं महिलाएं 3.5 लाख का सोना ले उड़ीं

IMG 20260402 WA0064 News E 7 Live

दिनदहाड़े ज्वेलर्स शॉप में स्मार्ट चोरी , ग्राहक बनकर आईं महिलाएं 3.5 लाख का सोना ले उड़ीं

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

जिले के पाली कस्बे में गुरुवार दोपहर एक ज्वेलरी दुकान पर हुई शातिराना चोरी ने व्यापारियों को चौंका दिया। मेन रोड स्थित प्रकाश चौक के पास संचालित श्रृंगार ज्वेलर्स में दो अज्ञात महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं और कुछ ही मिनटों में करीब 3 लाख 50 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवर लेकर रफूचक्कर हो गईं।

दुकान संचालक 65 वर्षीय पुरुषोत्तम लाल सोनी ने अपने पुत्र विकास कुमार सोनी के साथ थाना पाली पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 12:15 से 1:00 बजे के बीच दो महिलाएं दुकान में आईं। एक महिला गहरे हरे रंग की साड़ी पहने हुई थी, जबकि दूसरी हल्के गुलाबी रंग के सलवार सूट में थी। दोनों ने सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार करते हुए पहले सोने के लॉकेट दिखाने को कहा।

दुकानदार जब उन्हें आभूषण दिखाने में व्यस्त हो गया, तभी महिलाओं ने बड़ी चालाकी से दुकान के दराज में रखे पुराने सोने के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी किए गए जेवरों में लगभग 36 ग्राम सोना शामिल है, जिसमें दो हार, एक मुंगावली अंगूठी और एक सोने की अढ़ी शामिल बताई गई है।

सबसे दिलचस्प बात यह रही कि दोनों महिलाएं जाते समय अपना नाम शिवांगी कुशवाहा बताकर गईं और यह कहकर निकलीं कि वे अगले दिन आकर सामान लेंगी। इस बहाने उन्होंने दुकानदार को पूरी तरह से भ्रमित कर दिया और बिना किसी शक के आराम से दुकान से निकल गईं।

कुछ देर बाद जब पुरुषोत्तम सोनी ने अपनी दराज चेक की, तो जेवर गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत थाना पाली पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 (ए) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी विजय सेन ने बताया कि यह चोरी की घटना है, जिसकी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्ध महिलाओं की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि आरोपियों को जल्द पकड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं।

इस घटना के बाद स्थानीय बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारी अब अपनी दुकानों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की बात कह रहे हैं, वहीं पुलिस भी जल्द मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button