कैमरे सो गए, नगर जाग रहा है पाली में सुरक्षा व्यवस्था खुद निगरानी की मोहताज

कैमरे सो गए, नगर जाग रहा है पाली में सुरक्षा व्यवस्था खुद निगरानी की मोहताज

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

जिले के पाली नगर में सुरक्षा के नाम पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे इन दिनों खुद ही सुरक्षा मांगते नजर आ रहे हैं। लाखों रुपये की लागत से शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगाए गए 36 कैमरों में से सिर्फ 7 ही चालू हैं। बाकी कैमरे या तो बंद पड़े हैं या फिर औपचारिकता निभा रहे हैं।

नगरवासियों का कहना है कि कैमरे लगते वक्त खूब चर्चा हुई थी। दावा किया गया था कि अब अपराध पर नजर रहेगी, असामाजिक तत्वों पर लगाम लगेगी और शहर सुरक्षित होगा। लेकिन हकीकत यह है कि अधिकतर कैमरे महीनों से बंद हैं और रखरखाव के अभाव में शोपीस बन चुके हैं।

विडंबना यह है कि इन कैमरों की मॉनिटरिंग पाली थाना से की जाती है। ऐसे में जब कैमरे ही बंद हों तो निगरानी किस बात की? सूत्र बताते हैं कि कई बार तकनीकी खराबी और मेंटेनेंस की समस्या की जानकारी संबंधित जिम्मेदारों को दी गई, लेकिन सुधार की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए।

नगर पालिका परिषद की कार्यशैली पर अब सवाल उठने लगे हैं। जनता पूछ रही है कि जब लाखों रुपये खर्च हुए तो उनका हिसाब कौन देगा? सुरक्षा के नाम पर खर्च हुई राशि का फायदा आखिर किसे मिला?

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इन कैमरों की मरम्मत और नियमित देखरेख नहीं की गई, तो पूरा सिस्टम बेकार हो जाएगा। ऐसे में अपराध की स्थिति में सबूत जुटाना भी मुश्किल होगा।

अब देखना यह है कि नगर पालिका परिषद इस मुद्दे को कितनी गंभीरता से लेती है। फिलहाल पाली नगर में हालात कुछ यूं हैं कि कैमरे खामोश हैं और जिम्मेदार भी। सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे है, और कैमरे… शायद अगली मरम्मत की तारीख का इंतजार कर रहे हैं।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button