ताला जोन में टाइगर शो : एक साथ दिखे 6 बाघ, पर्यटकों की धड़कनें तेज

ताला जोन में टाइगर शो : एक साथ दिखे 6 बाघ, पर्यटकों की धड़कनें तेज

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के ताला जोन में ऐसा दृश्य दिखा, जिसे देखने वाले पर्यटक शायद ही कभी भूल पाएं। बधैनी पटपर इलाके में एक साथ 6 बाघ नजर आए और जंगल सफारी कर रहे लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। जैसे ही जिप्सियों के सामने पगडंडी मार्ग पर हलचल हुई, कैमरे तैयार हो गए और कुछ ही क्षणों में अद्भुत नजारा सामने था।

जानकारी के अनुसार, सिद्ध बाबा फिमेल अपने तीन शावकों के साथ दिखाई दी। शावक अब काफी फुर्तीले हो चुके हैं और मां के साथ आत्मविश्वास से जंगल की राह पार करते दिखे। दूसरी ओर चक्रधरा फिमेल के दो सब एडल्ट मेल शावक भी उसी क्षेत्र में नजर आए। एक ही फ्रेम में छह बाघों की मौजूदगी ने पर्यटकों को रोमांच से भर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले झाड़ियों में हलचल दिखी, फिर एक-एक कर बाघ पगडंडी पार करते गए। गाइड और ड्राइवरों ने तुरंत वाहनों को रोका ताकि जानवरों को कोई बाधा न हो। कुछ मिनटों तक पूरा जंगल जैसे ठहर सा गया था। केवल कैमरों की क्लिक और धीमी फुसफुसाहट सुनाई दे रही थी।

इस दुर्लभ दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वन्यजीव प्रेमी इसे ताला जोन के बेहतरीन पलों में से एक बता रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि एक साथ इतने बाघों का दिखना क्षेत्र में स्वस्थ आबादी और अनुकूल आवास का संकेत है।

पर्यटन सीजन के बीच इस तरह की साइटिंग ने ताला जोन की लोकप्रियता को और बढ़ा दिया है। हालांकि प्रबंधन की ओर से लगातार यह अपील की जाती है कि पर्यटक नियमों का पालन करें, शांति बनाए रखें और वन्यजीवों की प्राकृतिक गतिविधियों में हस्तक्षेप न करें।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button