फंक्शन में जलवा दिखाने लहराई बंदूक से निकली गोली पेट में धंसी, युवती की मौत

सीधी के चुरहट थाना क्षेत्र में बेटे के जन्म की खुशी में हर्ष फायरिंग ने एक युवती की जान ले ली. ग्राम मवई में सोमवार रात आयोजित कार्यक्रम के दौरान चली गोली 20 वर्षीय युवती के पेट में जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई. इससे खुशी का माहौल मातम में बदल गया. पुलिस गोली चलाने वाले की तलाश में जुटी है.

रीवा के अस्पताल में युवती मृत घोषित

मवई गांव निवासी सनी सिंह के घर बेटे का जन्म हुआ था. सोमवार रात करीब 7 बजे नवजात शिशु को घर लाने के बाद परिवार में खुशी का माहौल था. इसी दौरान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग खुशी में हर्ष फायरिंग कर रहे थे. इस बीच अचानक चली गोली वहां मौजूद 20 वर्षीय युवती रितिका सिंह के पेट में जा लगी.गोली लगते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. घायल युवती को परिजन और ग्रामीण रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया.

भाई के सामने बहन के पेट में जा धंसी गोली

रितिका सिंह रीवा जिले के एक गांव की रहने वाली थी और अपनी बड़ी बहन के घर मवई आई हुई थी. घटना की सूचना मिलते ही चुरहट थाना पुलिस सक्रिय हो गई और मामले की जानकारी जुटाने में लग गई. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग किसने की और गोली किस हथियार से चली.

मृतका भाई उदय सिंह ने बताया “मैं अपनी बहन के यहां रीवा से आया था. ढोल बज रहे थे और हम सब काफी खुश थे. तभी ऋषि सिंह बघेल नाम का एक व्यक्ति जलवा दिखाने के लिए बंदूक लहराने लगा. अचानक बंदूक से गोली चल गई. गोली मेरी बहन के पेट मे लगी.”

थाना प्रभारी चुरहट दीपक सिंह बघेल ने बताया “युवती अपनी बहन के घर आई हुई थी. हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से वह घायल हो गई. उसे रीवा के संजय गांधी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले की जांच जारी है. युवती के भाई सहित कई लोगों के बयान लिए गए हैं. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”

 

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button