बांधवगढ़ में फिर बाघ का कहर,महुआ बीनने गई महिला की मौत, ग्रामीणों ने किया विरोध


बांधवगढ़ में फिर बाघ का कहर,महुआ बीनने गई महिला की मौत, ग्रामीणों ने किया विरोध
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा कोर क्षेत्र में एक बार फिर बाघ के हमले की घटना सामने आई है। ग्राम झलवार से सटे जंगल में महुआ बीनने गई एक महिला को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि महिला दोपहर के समय जंगल में महुआ बीनने गई थी। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जंगल में उसका शव मिला, जिसे देखकर गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान घटनास्थल पर सैकड़ों ग्रामीण एकत्रित हो गए। गुस्साए ग्रामीणों ने पार्क प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बाघों की लगातार बढ़ती गतिविधियों के बावजूद सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि जंगल से लगे गांवों के लोग अपनी आजीविका के लिए रोज जंगल जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है।
मामले के बाद ग्रामीणों ने मृत महिला के परिजनों को उचित मुआवजा देने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। वहीं, कुछ लोगों ने पार्क प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया है।
वन विभाग के अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है और ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही, अकेले जंगल न जाने की सलाह दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में मानव और वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को उजागर कर दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।
