महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, गैस, बिजली और पेट्रोल-डीजल मुद्दे पर धरना


महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, गैस, बिजली और पेट्रोल-डीजल मुद्दे पर धरना
रीवा। बढ़ती महंगाई और आवश्यक सेवाओं की कमी को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को सिरमौर चौराहे पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए, जिन्होंने गैस सिलेंडर, बिजली दरों और पेट्रोल-डीजल की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा।
धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं कई जगहों पर इसकी उपलब्धता भी प्रभावित हो रही है। इसके अलावा बिजली दरों में हो रही बढ़ोतरी से लोगों के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल और डीजल की कमी को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि इससे आम जनजीवन और परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने कहा कि महंगाई लगातार चरम पर है और आम जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया और आवश्यक सेवाओं की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।
धरना प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर के दाम कम किए जाएं, बिजली दरों में राहत दी जाए और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति को नियमित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
