मेड़ को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या

शिवपुरी में मेड़ को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष, युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या

शिवपुरी। सिरसौद थानांतर्गत ग्राम मानक बसई में एक खेत की जुताई के दौरान मेड़ की मिट्टी पड़ोसी के खेत में लगी गेहूं की फसल में जाने पर दो पक्षों में हुआ मुंहवाद इस हद तक बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के तीन युवकों पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।तीनों युवकों में से दो को तो मामूली चोट आईं, लेकिन एक युवक की छाती पर से पहिया निकलने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अपने किरार वाले खेत पर पानी दे रहा था

जानकारी के अनुसार मंगलवार की दोपहर करीब 1:00 बजे मानक बसई निवासी बृजेश पुत्र मोहन सिंह रावत अपने किरार वाले खेत पर पानी दे रहा था। इसी दौरान उसके पड़ोसी रामसिंह जाटव निवासी ग्राम भरका के खेत में अनिल जाटव और बीपी सिंह जाटव निवासी ग्राम भरका ट्रैक्टर से चांट प्लाऊ से जुताई कर रहे थे।

खेत की मिट्टी बृजेश के खेत में आ रही थी

जुताई के दौरान उनके खेत की मिट्टी बृजेश के खेत में आ रही थी, जिससे उसके खेत में खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान हो रहा था। बृजेश के अनुसार उसने जब बीपी सिंह व अनिल जाटव से प्लाऊ बदलने के लिए कहा तो दोनों झगड़ा करते हुए उसे गालियां देने लगे।बृजेश का कहना है कि जब उसने इस बात की सूचना बीपी सिंह के पिता रामसिंह को फोन पर दी तो रामसिंह जाटव अपने साथ नरेन्द्र सिंह जाटव, पप्पू जाटव उर्फ करन जाटव, काशीराम जाटव के साथ लाठियां लेकर खेत पर आया और गालियां देने लगा।

जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर चढ़ा दिया

खेत पर झगड़े की आवाज सुनकर बृजेश की बुआ का बेटा अभिषेक रावत चाचा वासुदेव रावत, भाई रतन सिंह रावत, चचेरा भाई अरविन्द रावत वहां आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों में झगड़ा इतना बढ़ गया कि बीपी सिंह ने अभिषेक रावत, भाई रतन रावत और बृजेश को जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया।

बृजेश और रतन तो ट्रैक्टर के नीचे आने से बच गए, लेकिन अभिषेक रावत के ऊपर से ट्रैक्टर का पहिया निकल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपितों पर आपराधिक प्रकरण कायम करते हुए मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button