कुसमी के वस्तुआ गांव में कलेक्टर का औचक निरीक्षण,जल जीवन मिशन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

Screenshot 20260420 103808 News E 7 Live

कुसमी के वस्तुआ गांव में कलेक्टर का औचक निरीक्षण,जल जीवन मिशन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

एमपी के सीधी जिले के जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम वस्तुआ में कलेक्टर विकास मिश्रा ने पहुंचकर विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से जल जीवन मिशन के तहत चल रहे नल-जल योजना के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

वही निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गांव में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी व्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए कहा कि मध्य प्रदेश शासन की यह एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि यदि कार्य समय पर पूर्ण नहीं हुए या गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अब इसके अलावा कलेक्टर ने गांव के भीतर बहने वाली छोटी-बड़ी नदियों और नालों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि जल स्रोत स्वच्छ बने रहें और ग्रामीणों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और जल संरक्षण दोनों ही प्राथमिकता में होने चाहिए।

वही इस दौरान एसडीएम शैलेश द्विवेदी, जनपद पंचायत सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को जुलाई माह तक सभी निर्माण कार्यों को पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने यह भी कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान समय पर और स्थानीय स्तर पर ही किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रीय मुख्यालय में ही जनसमस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय तक न आना पड़े।

सीधी कलेक्टर के इस दौरे से प्रशासनिक सक्रियता का संदेश गया है और उम्मीद जताई जा रही है कि क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button