नशे में धुत कर्मचारी की कार डिवाइडर से टकराई, बड़ा हादसा टला

नशे में धुत कर्मचारी की कार डिवाइडर से टकराई, बड़ा हादसा टला

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

जिले के बिरसिंहपुर पाली स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र में उस समय हलचल मच गई, जब यहां कार्यरत एक कर्मचारी की कार अचानक अनियंत्रित होकर स्विच यार्ड क्षेत्र के डिवाइडर से जा टकराई। यह घटना बुधवार की बताई जा रही है, जिसने कुछ देर के लिए पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल कर्मचारी की पहचान सुरेंद्र सिंह उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है, जो ताप विद्युत केंद्र में कार्यरत हैं। चर्चा है कि घटना के समय वह नशे की हालत में थे, जिससे वाहन पर उनका नियंत्रण बिगड़ गया। कार तेज रफ्तार में TMD (1) स्विच यार्ड के पास बने डिवाइडर से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत स्थिति को संभाला और किसी बड़ी अनहोनी को टाल दिया गया।

घटना के बाद विद्युत केंद्र के कर्मचारियों के बीच इस बात को लेकर चर्चा होती रही कि यदि समय रहते वाहन नहीं रुकता तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। स्विच यार्ड जैसा संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण यहां किसी भी तरह की लापरवाही बड़े खतरे का कारण बन सकती थी।

वहीं इस मामले में मुख्य अभियंता एच के त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना की पुष्टि हुई है, लेकिन सौभाग्य से किसी को कोई चोट नहीं आई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि जिम्मेदार पदों पर कार्यरत लोगों द्वारा लापरवाही बरतना कितनी बड़ी जोखिम भरी स्थिति पैदा कर सकता है। फिलहाल, बड़ा हादसा टलने से सभी ने राहत की सांस ली है, लेकिन इस तरह की घटनाएं भविष्य में सावधानी बरतने की चेतावनी जरूर देती हैं।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button