शौचालय सीट के बगल में रखा ड्रेसिंग सामान, पाली अस्पताल का VIDEO वायरल


शौचालय सीट के बगल में रखा ड्रेसिंग सामान, पाली अस्पताल का VIDEO वायरल
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के बिरसिंहपुर पाली का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर चर्चाओं में है। इस बार वजह अस्पताल की व्यवस्था नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम से जुड़ा एक वायरल वीडियो है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों में तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अस्पताल के ड्रेसिंग रूम में बने शौचालय की सीट के ठीक बगल में ड्रेसिंग का सामान रखा हुआ है। सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर मरीजों के इलाज और ड्रेसिंग जैसी संवेदनशील प्रक्रिया का सामान रखा गया है, वहीं चारों तरफ गंदगी भी दिखाई दे रही है।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जहां मरीज इलाज कराने आते हैं, वहां स्वच्छता और सुरक्षा सबसे पहली जरूरत होती है, लेकिन यहां हालात बिल्कुल उलट नजर आ रहे हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि क्या अस्पताल प्रबंधन को यह तक दिखाई नहीं दिया कि शौचालय की सीट के बगल में रखा ड्रेसिंग सामान संक्रमण फैलाने का बड़ा कारण बन सकता है।

वायरल वीडियो को लेकर जब पाली बीएमओ डॉ. पुट्टू लाल सागर से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। ऐसे में अस्पताल प्रबंधन की चुप्पी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद स्वास्थ्य विभाग केवल सफाई देगा या फिर अस्पताल की व्यवस्था भी सुधरेगी।
