सीधी 1 जुलाई से बंद होगा पुराना सोनांचल बस स्टैंड

सीधी 1 जुलाई से बंद होगा पुराना सोनांचल बस स्टैंड

नए बस स्टैंड में सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश   

सड़क सुरक्षा पर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न 

सीधी  

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सांसद एवं समिति अध्यक्ष डॉ. राजेश मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, दुर्घटना नियंत्रण, जनजागरूकता तथा नए बस स्टैंड के संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि आगामी 1 जुलाई से पुराने बस स्टैंड का संचालन बंद किया जाना प्रस्तावित है। इसे ध्यान में रखते हुए सांसद ने नए बस स्टैंड में यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग एवं यातायात संचालन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए बस स्टैंड के संचालन से आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए और यातायात व्यवस्था भी अधिक व्यवस्थित होनी चाहिए।

जनजागरूकता और सख्ती से कम होंगी सड़क दुर्घटनाएं – सांसद

सांसद ने जिले में चिन्हित सड़क दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया जाए तथा वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, सड़क सुरक्षा चिन्ह, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों तथा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना पीड़ित कैशलेस उपचार योजना (पीएम राहत योजना) की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को गोल्डन ऑवर के भीतर त्वरित एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। योजना के तहत पात्र पीड़ितों को दुर्घटना की तिथि से सात दिनों तक अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ प्राप्त कर सकें।

बैठक में राहवीर योजना की भी समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित इस योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए, जिससे दुर्घटना के समय लोग बिना किसी भय के पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आएं।

सांसद ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर विशेष जोर देते हुए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

बैठक में एसपी संतोष कोरी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button