सोन पुल पर पलटा सीमेंट से भरा बल्कर,यातायात व्यवस्था रही ठप, चालक घायल

सोन पुल पर पलटा सीमेंट से भरा बल्कर,यातायात व्यवस्था रही ठप, चालक घायल

सीधी

चुरहट स्थित सोन नदी के पुल पर कल शुक्रवार दोपहर लगभग 3:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। सीधी की ओर जा रहा सीमेंट से भरा एक कैप्सूल ट्रक एमपी 19- जेडएल- 6401 के चालक की लापरवाही के चलते अनियंत्रित होकर पलट गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन लगभग 10 मीटर तक पुलिया की रेलिंग से टकराते हुए घिसटा और अंत में ब्रेक मारने पर सड़क के बीचों-बीच फंस गया। इस भीषण दुर्घटना में ट्रक का पिछला हिस्सा पुल के एक ओर हवा में झूल गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

हमारे चुरहट संवाददाता बलराम पांडे ने खबर दी है कि चुरहट थाना प्रभारी और मोहनिया चौकी प्रभारी अपनी 112 की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल ड्राइवर और खलासी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। स्थिति का जायजा लेने के लिए चुरहट तहसीलदार साक्षी गौतम, पटवारी विनोद, राजस्व विभाग के कर्मचारी घटना स्थल पर मौजूद रहे।

वर्तमान में चुरहट पुलिस प्रशासन द्वारा ट्रक मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है और मौके पर भारी भीड़ व यातायात के दबाव को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने जानकारी दी है कि अगले एक-दो घंटे के भीतर जेसीबी मशीन मंगवाकर पलटे हुए ट्रक को हटा दिया जाएगा, ताकि मार्ग को पूरी तरह से सुगम बनाया जा सके। तब तक पुलिस बल मौके पर तैनात रहकर सुरक्षा और व्यवस्था संभाले हुए है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button