खरबूजा-आम खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, सरपंच की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

IMG 20260522 WA0005 scaled News E 7 Live

खरबूजा-आम खाने के बाद बिगड़ी तबीयत, सरपंच की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप

रीवा जिले में एक सरपंच की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला शहर के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरहुला का है, जहां गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के मड़वा गांव के सरपंच 55 वर्षीय ताज मोहम्मद की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार दोपहर ताज मोहम्मद रिंग रोड स्थित गड़डिया इलाके में किसी व्यक्ति को जमीन दिखाने गए थे। वहां से लौटने के दौरान उन्होंने अपनी परिचित युवती प्रीति साकेत को फोन किया और तबीयत ठीक न होने की बात कहते हुए कुछ देर उसके घर रुकने की इच्छा जताई। युवती के अनुसार सरपंच अपने साथ खरबूजा और आम लेकर पहुंचे थे। दोनों ने साथ बैठकर फल खाए, लेकिन कुछ ही देर बाद ताज मोहम्मद की हालत अचानक बिगड़ने लगी।

बताया जा रहा है कि उनकी जुबान लड़खड़ाने लगी, शरीर में कमजोरी महसूस हुई और देखते ही देखते वे बेहोश होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सरपंच को फल में जहर मिलाकर खिलाया गया, जिससे उनकी मौत हुई। परिजनों ने यह भी दावा किया है कि मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल और गैलरी से कई चीजें डिलीट मिली हैं, जिससे उनकी शंका और गहरा गई है। मामले को लेकर परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

इधर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर जहरीले पदार्थ से मौत, फूड पॉइजनिंग और भीषण गर्मी के कारण हार्ट अटैक जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। वहीं गांव और शहर में इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button