“तुमसे अच्छा तो बबलू है…”: पत्नी के एक ताने ने ले ली जान, 15 दिन बाद गुफा में मिला कंकाल; पति गिरफ्तार

IMG 20260530 WA0003 News E 7 Live

“तुमसे अच्छा तो बबलू है…”: पत्नी के एक ताने ने ले ली जान, 15 दिन बाद गुफा में मिला कंकाल; पति गिरफ्तार

सीधी। कुसमी थाना क्षेत्र के पोड़ी चौकी अंतर्गत कुन्दौर गांव में सामने आए गुड़िया बैगा हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। जिस महिला का कंकाल जंगल की गुफा में कंबल में लिपटा मिला था, उसकी हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति बुद्धसेन बैगा ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शनिवार को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि महिला की पहचान गुड़िया बैगा के रूप में हुई थी। शव मिलने के बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की तो कई संदेहास्पद तथ्य सामने आए। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पति बुद्धसेन बैगा को हिरासत में लिया गया, जहां उसने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि करीब चार साल पहले गलत नंबर पर बातचीत के बाद उसकी पहचान गुड़िया से हुई थी। इसके बाद गुड़िया अपने पहले पति को छोड़कर उसके साथ रहने लगी थी। दोनों की एक बच्ची भी है। आरोपी के मुताबिक हाल के दिनों में गुड़िया अक्सर एक ठेकेदार बबलू का जिक्र करती थी और उसके साथ रहने की बात कहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया।

थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी तीन दिन तक जंगल में छिपा रहा। इस दौरान वह आम, जामुन और अन्य जंगली फलों के सहारे भूख मिटाता रहा। बाद में जब वह वापस गांव लौटा तो पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल किए गए कपड़ों तथा अन्य साक्ष्यों के बारे में भी जानकारी दी।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के मुताबिक, 10 मई की सुबह बुद्धसेन बैगा अपनी पत्नी गुड़िया को तेंदूपत्ता तोड़ने के बहाने मान डोंगरी के जंगल ले गया। वहां सुनसान स्थान पर उसने पीछे से गर्दन पकड़ ली। विरोध करने पर दोनों के बीच संघर्ष हुआ। आरोपी ने पास पड़े पत्थर से वार किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को कंधे पर उठाकर गुफा तक ले गया। शाम को घर से कंबल लाकर शव को उसमें बांधा और गुफा के अंदर घसीटकर छिपा दिया। बाहर से पत्थर लगाकर गुफा को बंद कर दिया ताकि किसी को भनक न लगे। हत्या के बाद उसने परिजनों को यह कहकर गुमराह किया कि गुड़िया कहीं भाग गई है।

करीब 15 दिन बाद जंगल की उसी गुफा में कंबल में लिपटा कंकाल मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। अब पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button