बरसात से पहले सड़क सुधार की मांग: सेमरी की महिलाओं ने पंचायत और प्रशासन पर उठाए सवाल”

IMG 20260531 WA0061 News E 7 Live

बरसात से पहले सड़क सुधार की मांग: सेमरी की महिलाओं ने पंचायत और प्रशासन पर उठाए सवाल”

सीधी। जिले के जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरी की रजक बस्ती में रहने वाले ग्रामीणों को बरसात के मौसम में आवागमन की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ता है। आगामी दिनों में मानसून की शुरुआत होने वाली है, ऐसे में स्थानीय महिलाओं ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्राम पंचायत एवं प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है।

स्थानीय वीडियो कंटेंट क्रिएटर संध्या रजक ने ग्रामीणों की समस्याओं को सामने लाते हुए कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि घर-घर जाकर बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव जीतने के बाद न तो सरपंच और न ही अन्य जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी जनता की समस्याएं सुनने पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि जन चौपाल के दौरान अमिलिया में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सीधी कलेक्टर के समक्ष भी सामुदायिक शौचालय और सड़क संबंधी समस्याएं रखी थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है।

संध्या रजक ने कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत समस्या नहीं है, बल्कि रजक बस्ती सहित पूरे मोहल्ले के लोगों की परेशानी है। उन्होंने सिहावल विधायक से भी अपील की है कि बरसात शुरू होने से पहले मार्ग पर मुरुम डलवाकर आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।

ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो जाती है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। उनका आरोप है कि वर्षों से सड़क सुधार की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन ही दिए गए हैं।

मौके पर मौजूद संध्या रजक, सुषमा रजक, उषा रजक, देवकली मौर्य, रोशनी रजक, अन्नपूर्णा रजक, लवकुश विश्वकर्मा, विश्वास विश्वकर्मा, पंकज कोरी, धर्मराज पुरी, कमलेश्वर प्रसाद तिवारी, अंकुश रजक और रामकली मौर्य सहित अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पंचायत चुनाव से पहले सड़क का मुरुमीकरण नहीं कराया गया तो वे आगामी चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने पर विचार करेंगे। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि विकास कार्यों के नाम पर केवल वादे किए जाते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

वहीं, जब इस संबंध में ग्राम पंचायत के सरपंच से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि वर्तमान में पंचायत के पास सड़क निर्माण अथवा मुरुमीकरण के लिए कोई शासकीय निधि उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि जैसे ही आवश्यक राशि या व्यवस्था उपलब्ध होगी, सड़क के मुरुमीकरण का प्रयास किया जाएगा।

अब देखने वाली बात यह होगी कि बरसात से पहले पंचायत और प्रशासन ग्रामीणों की इस मांग पर कितना गंभीरता से संज्ञान लेते हैं और समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button