शॉर्ट सर्किट से उजड़ा परिवार, बंद घर में लगी भीषण आग, तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत

Screenshot 20260523 151908 News E 7 Live

शॉर्ट सर्किट से उजड़ा परिवार, बंद घर में लगी भीषण आग, तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत

सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम काशीहवा में शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। घर में अचानक लगी भीषण आग की चपेट में आने से तीन मासूम बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक घर के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार में पहले स्पार्किंग हुई, जिससे पास रखे बांस में आग लगी और देखते ही देखते आग ने पूरे कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय घर बाहर से बंद था और अंदर तीन छोटे बच्चे मौजूद थे, जो बाहर नहीं निकल सके।

घटना की सूचना मिलते ही जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर सिटी कोतवाली पुलिस सहित प्रशासनिक अमला भी पहुंच गया। जिला कलेक्टर विकास मिश्रा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

इस दर्दनाक हादसे में डेढ़ वर्षीय रिधि साकेत, 6 वर्षीय धुम्मू उर्फ संध्या साकेत और 3 वर्षीय एक अन्य मासूम की मौत हो गई। तीनों बच्चों के पिता रामरतन साकेत ने बताया कि वह मजदूरी के लिए सीधी शहर गए हुए थे, जबकि बच्चों की मां राशन लेने दुकान गई थी। इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर घर में आग लगने की सूचना दी। जब तक वह पहुंचे, तब तक पूरा घर जल चुका था।

थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट से आग लगने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया है। गांव में इस हादसे के बाद शोक और भय का माहौल बना हुआ है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button