शॉर्ट सर्किट से धधकी दो मंजिला ऑटो डील दुकान, मिनटों में राख हुई दर्जनों बाइक; लाखों का नुकसान

Screenshot 20260525 113648 News E 7 Live

शॉर्ट सर्किट से धधकी दो मंजिला ऑटो डील दुकान, मिनटों में राख हुई दर्जनों बाइक; लाखों का नुकसान

सीधी जिले के दक्षिणी करौंदिया क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण अग्निकांड ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। सुबह करीब 9 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण दो मंजिला ऑटो डील दुकान में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरी दुकान आग की लपटों से घिर गई और अंदर खड़ी दर्जनों दोपहिया वाहन सहित लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार आग “राकेश ऑटो डील” नामक दुकान में लगी, जहां पुराने दोपहिया वाहनों की खरीदी-बिक्री का कार्य किया जाता था। दुकान के दोनों तल पर बाइक, स्पेयर पार्ट्स और अन्य सामग्री रखी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग की शुरुआत बिजली के शॉर्ट सर्किट से हुई, जिसके बाद आग तेजी से फैलती चली गई। दुकान में खड़ी कई बाइक आग की चपेट में आ गईं और धू-धू कर जलने लगीं। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया।

मकान मालिक धीरेश सिंह और दुकान संचालक राकेश गुप्ता ने बताया कि इस हादसे में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि दुकान और मकान का बीमा नहीं कराया गया था, जिससे नुकसान की भरपाई होना मुश्किल है। आग में लाखों रुपये की बाइक, फर्नीचर और अन्य सामग्री नष्ट हो गई है।

तहसीलदार गोपाल बनास राकेश शुक्ला ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे थे। पटवारी को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं तथा रिपोर्ट तैयार कर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button