रिवर्स लेते समय मौत का रौंगटे खड़े कर देने वाला मंजर” : दीपक बस के नीचे कुचलकर कंडक्टर की दर्दनाक मौत

IMG 20260525 092948 scaled News E 7 Live

रिवर्स लेते समय मौत का रौंगटे खड़े कर देने वाला मंजर” : दीपक बस के नीचे कुचलकर कंडक्टर की दर्दनाक मौत, ड्राइवर मौके से फरार

सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करमाई में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बस के कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सीधी से मझौली होते हुए शहडोल की ओर जा रही दीपक बस को चालक रिवर्स कर रहा था। मृतक की पहचान अजीत सिंह (लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उसी बस में कंडक्टर के पद पर कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शी राम भवन गुप्ता ने बताया कि करमाई गांव के पास मेडिकल कट पर एक यात्री को उतरना था, लेकिन बस तेज रफ्तार होने के कारण करीब 300 मीटर आगे जाकर रुकी। इसके बाद बस चालक ने वाहन को मोड़ने के बजाय सीधे रिवर्स गियर डाल दिया। कंडक्टर अजीत सिंह बस के पीछे-पीछे चलकर ड्राइवर को रास्ता और साइड बता रहा था।

इसी दौरान अचानक अजीत सिंह का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। इससे पहले कि वह संभल पाता, बस के पिछले हिस्से के दोनों पहिए उसके ऊपर से गुजर गए। हादसा इतना भयावह था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद बस चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बस में उस समय करीब 48 यात्री सवार थे, जिन्होंने पूरी घटना पुलिस को बताई।

घटना की सूचना मिलते ही मझौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button