रीवा में गैस सिलेंडर से भड़की भीषण आग, बछड़े के टकराने से हुआ हादसा, दो मासूम समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलसे

20260527 090511 News E 7 Live

रीवा में गैस सिलेंडर से भड़की भीषण आग, बछड़े के टकराने से हुआ हादसा, दो मासूम समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलसे

एमपी के रीवा शहर के पैपखरा क्षेत्र में मंगलवार देर रात गैस सिलेंडर से लगी भीषण आग ने एक परिवार की खुशियां पलभर में राख कर दीं। हादसा इतना भयावह था कि देखते ही देखते पूरा मकान आग की लपटों में घिर गया और घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया। इस दर्दनाक घटना में एक महिला, एक पुरुष और दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका उपचार संजय गांधी अस्पताल में जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार पैपखरा निवासी यशोदानंद शुक्ला के घर के आंगन में परिवार के सदस्य चूल्हे पर खाना बना रहे थे। वहीं गैस सिलेंडर कमरे के अंदर रखा हुआ था, जहां एक बछड़ा भी बंधा था। बताया जा रहा है कि सिलेंडर का रेगुलेटर खुला रह गया था। इसी दौरान बछड़ा सिलेंडर से टकरा गया, जिससे पाइप निकल गई और तेजी से गैस पूरे कमरे में फैलने लगी।

जहा परिवार के लोग उस समय आंगन में बैठकर भोजन कर रहे थे। इसी बीच चूल्हे की आग गैस के संपर्क में आते ही अचानक भड़क उठी और कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते पूरा मकान आग की चपेट में आ गया।

इस हादसे में यशोदानंद शुक्ला, इंद्रकली शुक्ला तथा दो मासूम बच्चे आयुष्मान और दिव्यांश गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

वही संजय गांधी अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग गैस सिलेंडर की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की बात कह रहे हैं।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button