सोन नदी में अवैध रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई: घेराबंदी कर 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त

सोन नदी में अवैध रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई: घेराबंदी कर 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त, वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने दबोचा

सीधी जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त की हैं। यह कार्रवाई बीती मंगलवार की दरम्यानी रात सोन घड़ियाल अभयारण्य क्षेत्र अंतर्गत सोन नदी के भेलकी घाट में की गई, जहां लंबे समय से चोरी-छिपे अवैध रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, संजय टाइगर रिजर्व परिक्षेत्र सहायक सिहावल संजीव कुमार सोनकर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने देर रात घेराबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने मौके से अवैध रूप से रेत परिवहन कर रहे चार ट्रैक्टर मय ट्रॉली को पकड़ लिया। इसके बाद सभी वाहनों को जप्त कर सुरक्षार्थ पुलिस थाना जमोड़ी में खड़ा कराया गया।

वन विभाग द्वारा आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 27, 29, 39D एवं 51 तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 2, 41 एवं 52 के तहत वन अपराध पंजीबद्ध किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सोन घड़ियाल अभयारण्य क्षेत्र में अवैध उत्खनन से प्राकृतिक पर्यावरण और वन्यजीवों को गंभीर नुकसान पहुंच रहा था, जिसकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं।

इस पूरी कार्रवाई में वनरक्षक रमेश कुमार सोनकर, सुरेश चंद्र तिवारी, सर्वेश कुमार मिश्रा, शेर बहादुर पटेल एवं सुरक्षा श्रमिक जगदीश सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं जप्त वाहनों को सुरक्षित थाना जमोड़ी तक पहुंचाने में परिक्षेत्र सहायक कठौतहा कमलापति त्रिपाठी, वनरक्षक संजय कुमार सिंह, वेद शुक्ला, विनीत शर्मा, सुरक्षा श्रमिक विनय सिंह, दीपेंद्र सिंह, देवराज सिंह तथा जमोड़ी पुलिस ने अहम सहयोग किया।

वनरक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि कई दिनों से यह ट्रैक्टर रात के अंधेरे में चोरी-छिपे रेत का उत्खनन और परिवहन कर रहे थे। लगातार निगरानी और सूचना तंत्र सक्रिय करने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर सभी वाहनों को पकड़ने में सफलता हासिल की। विभाग ने साफ किया है कि आगे भी अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button