44 डिग्री की गर्मी में “उबल” गया ट्रांसफार्मर: फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछार कर किया ठंडा, 25 गांवों की बिजली रही बंद

Screenshot 20260525 140529 News E 7 Live

44 डिग्री की गर्मी में “उबल” गया ट्रांसफार्मर: फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछार कर किया ठंडा, 25 गांवों की बिजली रही बंद

सीधी जिले में नौतपा के पहले ही दिन गर्मी ने ऐसा कहर बरपाया कि बिजली सप्लाई संभालने वाला ट्रांसफार्मर ही ओवरहीट हो गया। रामपुर नैकिन विद्युत सब स्टेशन में सोमवार को मुख्य ट्रांसफार्मर अचानक इतना गर्म हो गया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम बुलानी पड़ी। फायर ब्रिगेड ने करीब आधे घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर ट्रांसफार्मर को ठंडा किया, जिसके बाद हालात सामान्य हो सके।

घटना के चलते एहतियातन पूरे सब स्टेशन की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। इसका असर आसपास के करीब 25 गांवों पर पड़ा, जहां एक घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई, क्योंकि मोटर और पंप बंद हो गए थे।

सब स्टेशन में पदस्थ ऑपरेटर जयपाल पटेल ने बताया कि अत्यधिक तापमान के कारण ट्रांसफार्मर अचानक ओवरहीट हो गया था। किसी भी बड़े हादसे से बचने के लिए तुरंत बिजली सप्लाई बंद की गई और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी की बौछार के जरिए ट्रांसफार्मर का तापमान कम किया। इसके बाद धीरे-धीरे बिजली आपूर्ति बहाल की गई।

सोमवार को सीधी जिले का तापमान लगभग 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नौतपा की शुरुआत के साथ ही गर्म हवाओं और तेज धूप ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। अब हालात ऐसे बन रहे हैं कि इंसानों के साथ-साथ बिजली विभाग के उपकरण भी गर्मी की मार नहीं झेल पा रहे हैं।

इस घटना ने बिजली व्यवस्था की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ा, तो जिले में बिजली संकट और गहरा सकता है। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button