सोन नदी में नहाने उतरे दो युवक लापता, शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदली; SDRF का रेस्क्यू जारी

सोन नदी में नहाने उतरे दो युवक लापता, शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदली; SDRF का रेस्क्यू जारी

सीधी। जिले के सिहावल क्षेत्र स्थित केतकिन घाट में गुरुवार सुबह सोन नदी में नहाने गए दो युवकों के डूबने की आशंका से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बुधवार रात गांव में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए दोनों युवक सुबह दोस्तों के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही देर में खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जबकि तेज बहाव के कारण युवकों की तलाश में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। बाद में SDRF की टीम को बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शी प्रिंस साकेत ने बताया कि वह अपने साथियों राजा साकेत और संजय साकेत के साथ सोन नदी में नहाने गया था। नहाते समय दोनों युवक नदी पार करने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान वे गहरे पानी में पहुंच गए और डूबने लगे। प्रिंस के अनुसार दोनों ने बचाने के लिए जोर-जोर से आवाज लगाई, लेकिन उसे तैरना नहीं आता था, इसलिए वह उनकी मदद नहीं कर सका। इसके बाद वह गांव पहुंचा और परिजनों व अन्य लोगों को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन सोन नदी के तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण कोई सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद अमिलिया थाना पुलिस और सिहावल चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात का जायजा लेने के बाद SDRF की टीम को बुलाया।

अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। दोपहर करीब 12 बजे SDRF को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम ने केतकिन घाट में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का पता नहीं चल सका था और लगातार तलाश जारी थी।

यह घटना एक बार फिर बरसात के मौसम में उफान पर रहने वाली नदियों में बिना सुरक्षा व्यवस्था के नहाने के खतरे को उजागर करती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button