चीतल को केला खिलाना पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया बांधवगढ़ प्रबंधन

Screenshot 20260627 184530 News E 7 Live

चीतल को केला खिलाना पड़ा भारी, वायरल वीडियो के बाद हरकत में आया बांधवगढ़ प्रबंधन

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के साथ लापरवाही का एक मामला सामने आया है। उमरिया-ताला मार्ग पर एक कार सवार युवक द्वारा सड़क किनारे खड़े चीतल को केला खिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही टाइगर रिजर्व प्रबंधन सक्रिय हो गया है और युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को एक कार (26 BH 4973) में सवार युवक उमरिया-ताला मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर सड़क किनारे मौजूद एक चीतल पर पड़ी। युवक ने कार रोककर चीतल को अपने पास बुलाया और उसे केला खिलाने लगा। मौके पर मौजूद कुछ राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों ने युवक को ऐसा करने से रोका तथा बताया कि वन्यजीवों को बाहरी खाद्य पदार्थ खिलाना नियमों के विरुद्ध है। इसके बावजूद युवक ने किसी की बात नहीं मानी और चीतल को खाना खिलाता रहा।

इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों ने भी इस लापरवाही पर नाराजगी जताई। मामला चर्चा में आने के बाद बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने तत्काल जांच शुरू कर दी।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया गया है। वाहन के नंबर के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है। पहचान होते ही उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि टाइगर रिजर्व या किसी भी वन क्षेत्र में वन्यजीवों को बाहरी खाद्य पदार्थ खिलाना, उनके प्राकृतिक व्यवहार में हस्तक्षेप करना या उनके अत्यधिक करीब जाने का प्रयास करना कानूनन अपराध है। इससे वन्यजीवों की प्राकृतिक आदतों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और भविष्य में मानव एवं वन्यजीव संघर्ष की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

वन विभाग ने पर्यटकों और आम नागरिकों से अपील की है कि जंगल भ्रमण के दौरान वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उन्हें किसी भी प्रकार का भोजन न दें। अधिकारियों का कहना है कि वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक व्यवहार को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button