ग्रामीणों की शिकायत पर टमसार पहुंचे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, वन विभाग के कथित अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग

IMG 20260705 WA0003 News E 7 Live

ग्रामीणों की शिकायत पर टमसार पहुंचे ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, वन विभाग के कथित अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग

कुसमी/सीधी। सीधी के कुसमी तहसील के ग्राम टमसार में वन विभाग द्वारा सड़क किनारे किए जा रहे कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के अध्यक्ष विमल जायसवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल कुसमी तहसीलदार नारायण सिंह से फोन पर बात कर मामले की जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग की।

ब्लॉक अध्यक्ष विमल जायसवाल ने कहा कि यदि सड़क किनारे शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण किया गया है तो उसे निष्पक्ष जांच के बाद तत्काल हटाया जाना चाहिए, ताकि आम लोगों और व्यापारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस दौरान कांग्रेस कमेटी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी सड़क किनारे बनाई गई नाली को पाटे जाने के संबंध में प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा कई बार छोटे व्यापारियों को भी परेशान किया गया है। उनका कहना है कि टमसार मुख्य तिराहे के आसपास सड़क किनारे दुकान लगाने वाले गरीब व्यापारियों पर कार्रवाई की जाती रही है, जबकि वन विभाग पर स्वयं सड़क की भूमि पर अतिक्रमण करने के आरोप लगते रहे हैं।

ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि पूर्व में तहसील प्रशासन द्वारा इस मामले की जांच कराई गई थी, जिसमें सड़क की पटरी (पचासा) की भूमि पर वन विभाग का अतिक्रमण पाया गया था। अब एक बार फिर ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

हालांकि, वन विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासनिक जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button