वनाधिकार के फर्जी दस्तावेज बनाकर अतिक्रमण कराने का आरोप, पूर्व वनकर्मी गिरफ्तार

IMG 20260629 WA0046 News E 7 Live

वनाधिकार के फर्जी दस्तावेज बनाकर अतिक्रमण कराने का आरोप, पूर्व वनकर्मी गिरफ्तार

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर वन परिक्षेत्र में वनभूमि पर कथित अवैध अतिक्रमण कराने और फर्जी वनाधिकार दस्तावेज तैयार करने के मामले में वन विभाग ने एक पूर्व वनकर्मी को गिरफ्तार किया है। विभाग का आरोप है कि आरोपी ग्रामीणों को गुमराह कर वनभूमि पर कब्जा कराने तथा कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से वनाधिकार पत्र बनवाने का प्रयास कर रहा था।

वन विभाग के अनुसार इस मामले में 28 जून 2026 को वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि मानपुर वन परिक्षेत्र में पूर्व में पदस्थ रहे तितुर सिंह धुर्वे, जिन्हें वर्ष 2009 में शासकीय सेवा से पृथक कर दिया गया था, कथित रूप से वनाधिकार अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का दुरुपयोग करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार कर रहे थे।

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित रूप से ग्रामीणों को वनभूमि पर अतिक्रमण के लिए प्रेरित कर रहा था और शासकीय अभिलेखों का दुरुपयोग कर वनाधिकार पत्र दिलाने का आश्वासन दे रहा था। जबकि वह वर्तमान में किसी भी शासकीय सेवा में कार्यरत नहीं है।

वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद मानपुर बफर वन परिक्षेत्र अधिकारी अंकित सोनी के नेतृत्व में ग्राम बिजुरी में कार्रवाई की गई। टीम ने आरोपी को कथित रूप से वनाधिकार पत्र बनवाने के नाम पर लेन-देन करते हुए पकड़ा। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

वन विभाग ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दस्तावेजों, साक्ष्यों तथा संबंधित व्यक्तियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और शासकीय अभिलेखों के दुरुपयोग से जुड़े मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button