ऑटो-कार की गुप्त डील पर पुलिस का धावा, जंगल से 120 बोतल कोरेक्स के साथ चार गिरफ्तार

ऑटो-कार की गुप्त डील पर पुलिस का धावा, जंगल से 120 बोतल कोरेक्स के साथ चार गिरफ्तार

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

पाली थाना क्षेत्र के घुनघुटी चौकी पुलिस ने नशीली कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। किरिया काड़ी के जंगल में चल रही संदिग्ध सौदेबाजी पर पुलिस ने दबिश देकर 120 बोतल कोरेक्स सिरप बरामद की है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जानकारी के अनुसार घुनघुटी चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जंगल के सुनसान इलाके में कुछ लोग कोरेक्स सिरप की खरीद-फरोख्त करने वाले हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विजय सेन के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी कर दी गई।

बताया जाता है कि मौके पर एक ऑटो और एक कार खड़ी थी, जहां कथित रूप से कोरेक्स की डील चल रही थी। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भागने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके से ही पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस को 120 बोतल कोरेक्स सिरप मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मानपुर क्षेत्र के कुछ आरोपी छत्तीसगढ़ के एक व्यक्ति को यह खेप बेचने की तैयारी में थे। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज सिंह चंदेल निवासी मानपुर, अनिकेत विश्वकर्मा निवासी गोपहरू जिला शहडोल, अरुण कुशवाह निवासी नौरोजाबाद तथा भोलू पटेल निवासी बिलासपुर (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कोरेक्स की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की योजना थी।

घुनघुटी चौकी प्रभारी विजय सेन ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 120 बोतल कोरेक्स सिरप जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। जांच में नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है, जिसके चलते मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button