करियाझर के जंगल में तेज रफ्तार बाइक खाई में गिरी, तीन युवक घायल; एक की हालत गंभीर, रीवा रेफर


करियाझर के जंगल में तेज रफ्तार बाइक खाई में गिरी, तीन युवक घायल; एक की हालत गंभीर, रीवा रेफर
सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करियाझर के जंगल में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार शाम करीब 4:30 बजे करियाझर के जंगल क्षेत्र में हुआ। बाइक तेज रफ्तार में होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और मोटरसाइकिल सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
108 एंबुलेंस में पदस्थ मनोज कुमार यादव ने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि करियाझर के जंगल में एक बाइक खाई में गिर गई है और तीन लोग घायल पड़े हैं। सूचना मिलते ही एंबुलेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर चुरहट अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान जयराम सिंह, राजमणि सिंह और पवन सिंह, तीनों निवासी करियाझर के रूप में हुई है। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है।
वहीं, चुरहट थाना प्रभारी रीता त्रिपाठी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल तीनों युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से हुआ है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करियाझर के जंगल क्षेत्र में सड़क के कई हिस्से संकरे और घुमावदार हैं। ऐसे मार्गों पर तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि विशेषकर जंगल और घुमावदार रास्तों पर सावधानीपूर्वक एवं नियंत्रित गति से वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
