तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर: तीन बाइक सवारों को रौंदा, युवक की मौत, दो गंभीर; चालक फरार

IMG 20260625 111442 scaled News E 7 Live

तेज रफ्तार ट्रैक्टर का कहर: तीन बाइक सवारों को रौंदा, युवक की मौत, दो गंभीर; चालक फरार

सीधी। जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खड़बड़ा में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने तीन बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बाद में ट्रैक्टर को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा 24-25 जून 2026 की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि सोन नदी की ओर से तेज गति से आ रहा एक ट्रैक्टर सोनवर्षा की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सर्वेश कोल (22) पुत्र लक्षनधारी कोल निवासी हटवा खास, थाना कमर्जी की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया कि सर्वेश कोल अपने मामा के यहां ग्राम खड़बड़ा में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के दौरान वह अपने दो साथियों प्रवीण साकेत (18) पुत्र रामशरण साकेत और अर्जुन कोल (30) पुत्र लक्षनधारी कोल के साथ देर रात सोन नदी की ओर घूमने निकला था। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना में गंभीर रूप से घायल प्रवीण साकेत और अर्जुन कोल को पहले अमिलिया अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय सीधी रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच के दौरान ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।

अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। गुरुवार शाम करीब 4 बजे प्रकरण दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच जारी है और अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर किसका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button