यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल, रात्रिकालीन बस स्टैंड की बाजार क्षेत्र में आवश्यकता


यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल, रात्रिकालीन बस स्टैंड की बाजार क्षेत्र में आवश्यकता
एक जुलाई से बंद हो जाएगा सोनांचल बस स्टैंड
सीधी
शहर के बाजार क्षेत्र में संचालित सोनांचल बस स्टैंड अगले 20 दिन बाद यानी 1 जुलाई से बसों के लिए प्रतिबंधित हो जाएगा। जिला प्रशासन का यह आदेश जब से जारी हुआ है तब से रात में आने जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
नए बस स्टैंड में शाम ढ़लते ही असुरक्षित हो जाते हैं यात्री
तत्संबंध में चर्चा के दौरान कुछ लोगों का कहना था कि शाम ढ़लने के बाद नया बस स्टैंड यात्रियों के लिए पूरी तरह से असुरक्षित हो जाता है। वहां अभी इतनी सुविधाएं नहीं हैं कि यात्री खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। कई बार यात्रियों के साथ वारदातें भी घटित हो चुकी हैं। यात्रियों के सुरक्षा एवं सुविधा के लिहाज से रात्रिकालीन बसें पुराने सोनांचल बस स्टैंड में आती थीं। इससे यात्रियों को यहां सभी आवश्यक सुविधाएं आसानी से मिल जाती थीं। भोजन-नास्ता, चाय के साथ ही ऑटो की सुविधा भी यहां से आसानी के साथ मिल जाती है।
आगामी 1 जुलाई से सोनांचल बस स्टैंड के बंद हो जाने के बाद निश्चित ही यात्रियों को नए बस स्टैंड में आने-जाने की मजबूरी निर्मित हो जाएगी। लोगों का कहना था कि शाम ढ़लते ही नए बस स्टैंड क्षेत्र में नशेडिय़ों की महफिलें जम जाती हैं। जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। नए बस स्टैंड में पुलिस चौकी तक की व्यवस्था नहीं है।
उक्त समस्या के निदान के लिए जिला प्रशासन को सोनांचल बस स्टैंड के सामने की जगह को रात्रिकालीन बसों के खड़े होने के लिए व्यवस्थित की जाए। यहां बसें सुबह 8 बजे तक रुक सकें। इसी तरह की मांग व्यापारियों की तरफ से भी की जा रही है। जिससे यहां से संबद्ध छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर भी अचानक प्रभाव न पड़े और वह नई व्यवस्था के लिए आने वाले समय में स्वयं को तैयार कर सकें।
छोटे व्यवसायियों की आजीविका पर पड़ेगा असर
बाजार क्षेत्र में सोनांचल बस स्टैंड के संचालित होने से वर्तमान में कुसमी, सरई, मड़वास रूट की बसों की आवाजाही यहां से होती है। शेष रूट की बसों का संचालन नए बस स्टैंड से हो रहा है। कुछ बसों की आवाजाही से सैकड़ों छोटे व्यवसायियों की आजीविका चल रही है। यह छोटे व्यवसायी सुबह से देर शाम तक सोनांचल बस स्टैंड क्षेत्र में जमे रहते हैं। जिससे उनके परिवार का भरण-पोषण आसानी से हो सके।
जिला प्रशासन द्वारा 1 जुलाई 2026 से सोनांचल बस स्टैंड में बसों की आवाजाही को प्रतिबंधित करने का आदेश जारी किया है। जिसके बाद से छोटे व्यवसायियों में काफी मायूशी बनी हुई है। खासतौर से रात्रिकालीन बसों की आवाजाही से सैकडों छोटे व्यापारियों का रोजगार चलता था। चर्चा के दौरान यहां के व्यवसायियों का कहना था कि रात्रिकालीन बसों के संचालन की व्यवस्था पुराने बस स्टैंड में की जाए।
एक विकल्प ये भी
शहर के लोगों का मानना है कि इस मामले में दो विकल्प पर जिला प्रशासन को विचार विमर्श करना चाहिए, जिसमें पहला विकल्प तो सोनांचल बस स्टैंड के सामने सड़क के दूसरी तरफ जो वाहन पार्किंग हाल फिलहाल घोषित है उस जगह पर सुबह 8 बजे तक की बसों के लिए एवं रात को 8 बजे के बाद की बसों के लिए उसे सुनिश्चित करना चाहिए।
जबकि दूसरा विकल्प इन्हीं समय अवधि में शहर के गांधी चौराहे में स्थित पार्किंग स्थल में जहां पर काफी जगह और पार्किंग उपलब्ध है तथा वो व्यवस्थित रूप से बनाया भी गया है उस स्थान पर भी इन बसों के इन समयावधि पर आने और जाने के लिए इसे सुनिश्चित करना चाहिए जिससे शहर के लोगों को सुबह और देर रात की सुविधा मिल सकें।
व्यापारी संघ जल्द मुलाकात करेगा कलेक्टर से
यात्रियों की सुविधा के लिए हम जल्द ही कलेक्टर से मुलाकात कर मांग रखेंगे कि सोनांचल बस स्टैंड के सामने की जगह रात्रिकालीन बसों के रुकने के लिए व्यवस्थित की जाए। ये बसें रात से सुबह 8 बजे तक रुक सकें यह यात्रियों की सुविधा के लिए काफी आवश्यक है।
लालचंद गुप्ता
अध्यक्ष
व्यापारी संघ, सीधी
आवश्यक व्यवस्थाएं बनें ये पूरा प्रयास रहेगा
यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोपरि है। यह पूर्व से निर्धारित था कि पुराना बस स्टैंड बंद होगा। क्योंकि नया बस स्टैंड संचालित हो चुका था। अचानक पुराने बस स्टैंड को पूरी तरह से बंद कर देने से यात्रियों को असुविधाएं होंगी। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं बनें ये उनका पूरा प्रयास रहेगा।
रीती पाठक
विधायक, सीधी
कलेक्टर से चर्चा कर आवश्यक पहल करूंगा
यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के मद्देनजर मैं कलेक्टर से चर्चा कर आवश्यक पहल करूंगा। मेरा ये प्रयास रहेगा कि पुराने बस स्टैंड के अचानक बंद होने से छोटे व्यवसायियों की आजीविका पर भी असर न पड़े। साथ ही रात्रिकालीन बसों के बाजार क्षेत्र में आने को लेकर क्या व्यवस्था बन पाती है इस पर भी चर्चा करूंगा।
देवकुमार सिंह
अध्यक्ष, भाजपा सीधी
रात्रि कालीन बसों के लिए शहर में ही व्यवस्था हो
विकास के नाम पर किसी व्यवस्था को जल्दबाजी में परिवर्तित नहीं किया जाना चाहिए। मेरा मानना है कि पुराने बस स्टैंड से छोटे व्यवसायियों का रोजगार जुड़ा हुआ है। उसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही रात्रिकालीन बसों को भी पुराने बस स्टैंड के सामने रुकने के इंतजाम होने चाहिए।
ज्ञान सिंह
अध्यक्ष
जिला कांग्रेस कमेटी सीधी
