सीएमएचओ ने किया औचक निरीक्षण, लापरवाही मिलने पर कर्मचारियों पर कार्रवाई,मचा हड़कंप

IMG 20260627 WA0002 News E 7 Live

सीएमएचओ ने किया औचक निरीक्षण, लापरवाही मिलने पर कर्मचारियों पर कार्रवाई,मचा हड़कंप।

सीधी, 27 जून। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अशोक खरे ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टमसार एवं उप स्वास्थ्य केंद्र गोतरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में साफ-सफाई व्यवस्था एवं चिकित्सा उपकरण जर्जर स्थिति में पाए गए। उपस्थिति पंजी में 29 कर्मचारियों के नाम दर्ज होने के बावजूद अधिकांश कर्मचारी पिछले दो-तीन दिनों से अनुपस्थित मिले। सीएमएचओ के पहुंचने के बाद ही कुछ कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। वहीं नर्सिंग अधिकारी अंजू मौर्य बिना यूनिफॉर्म के कार्यरत मिलीं।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टमसार में निरीक्षण के समय कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था तथा केंद्र का मुख्य द्वार खुला मिला। इस पर संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं उप स्वास्थ्य केंद्र गोतरा के डिलीवरी प्वाइंट पर आवश्यक उपकरण एवं नवजात शिशुओं के लिए रखी गई मशीनें खराब अवस्था में पाई गईं।

सीएमएचओ डॉ. खरे ने बताया कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही और कर्मचारियों की अनुपस्थिति गंभीर विषय है। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों को अवैतनिक किए जाने तथा संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सफाई कर्मचारियों के भुगतान में देरी की शिकायत मिलने पर संबंधित विकासखंड लेखा प्रबंधक से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

डॉ. खरे ने निर्देश दिए कि आगामी तीन दिनों के भीतर सभी स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए तथा सभी कर्मचारी समय पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण की रिपोर्ट कलेक्टर सीधी एवं रीवा संभाग के क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाओं को भी भेजी गई है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button