‘वो लड़की’ यूट्यूब पर हुई रिलीज


‘वो लड़की’ यूट्यूब पर हुई रिलीज
सीधी
सीधी जिले के गिजवार गांव के युवा फिल्म निर्देशक प्रवीण कुमार पाण्डेय द्वारा निर्देशित फीचर फिल्म ‘वो लड़की’ 10 जून को राही प्रोडक्शंस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज कर दी गई है।
इससे पहले यह फिल्म ऑस्ट्रेलिया के रीडिंग सिनेमा में थिएटर रिलीज प्राप्त कर चुकी है। अब इसे विश्वभर के दर्शकों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है।
फिल्म के निर्देशक प्रवीण कुमार पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘वो लड़की’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जो प्रेम, विरह, आत्मचिंतन और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणादायक कहानी को दर्शाती है।
फिल्म में राही, हेमा चौधरी, सनित स्वामी और पूजा कंडारे ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म के छायांकन (डीओपी) की जिम्मेदारी बॉबी सिंह ने संभाली है, जबकि संपादन सचिन गौर द्वारा किया गया है। फिल्म का निर्माण राही और देव सिद्धू ने किया है। यह फिल्म राही प्रोडक्शंस के बैनर तले ट्रैक टच ऑस्ट्रेलिया के सहयोग से बनाई गई है।
प्रवीण कुमार पाण्डेय ने बताया कि फिल्म की शूटिंग मध्यप्रदेश के विदिशा जिले की सिरोंज तहसील तथा राजधानी भोपाल के विभिन्न स्थानों पर की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक फिल्म को पसंद करेंगे और इसे भरपूर प्यार देंगे।
प्रवीण कुमार पाण्डेय ने इंद्रावती नाट्य समिति से जुड़कर रंगमंच के माध्यम से अपने अभिनय सफर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2016 से 2018 के बीच मुंबई विश्वविद्यालय से थिएटर विषय में स्नातकोत्तर (मास्टर डिग्री) प्राप्त की। ‘वो लड़की’ उनके निर्देशन में बनी पहली फीचर फिल्म है।
आने वाले समय में वे अभिनेता के रूप में ‘नगर निगम – कांडपुर’ वेब सीरीज में दिखाई देंगे, जबकि लेखक के रूप में उनका आगामी प्रोजेक्ट ‘मोह और माया’ है। अपनी मेहनत और रचनात्मक दृष्टिकोण के दम पर प्रवीण कुमार पाण्डेय लगातार फिल्म जगत में अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं।
