हादसे में बुझ गई मासूम की जिंदगी,आम बीनने गए दो बच्चों पर गिरा पेड़, एक की मौत, दूसरा गंभीर


हादसे में बुझ गई मासूम की जिंदगी,आम बीनने गए दो बच्चों पर गिरा पेड़, एक की मौत, दूसरा गंभीर
मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जिगना गांव में आम बीनने गए दो बच्चों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। बुधवार शाम हुए इस हादसे में एक भारी आम का पेड़ अचानक दोनों बच्चों के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय बबलू गौड़ की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय लाला गौड़ की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जिगना गांव निवासी बबलू गौड़ (12) और लाला गौड़ (10) बुधवार शाम गांव के पास आम बीनने के लिए गए थे। इसी दौरान हाल ही में आए आंधी-तूफान से कमजोर हो चुका एक विशाल आम का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। दोनों बच्चे पेड़ की चपेट में आ गए और उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय रेफर कर दिया।
रीवा में दोनों बच्चों का उपचार शुरू किया गया, लेकिन बबलू गौड़ की हालत लगातार बिगड़ती गई। गुरुवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं लाला गौड़ का अस्पताल में उपचार जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण आंधी-तूफान के चलते पेड़ का कमजोर होना बताया जा रहा है।
बबलू की मौत की खबर गांव पहुंचते ही पूरे जिगना गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे क्षतिग्रस्त और जर्जर पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके। :::
