अतिक्रमण की चपेट में भुईमाड़ बाजार, सड़क और नालियों पर कब्जे से बढ़ी परेशानी

IMG 20260613 WA0024 News E 7 Live

अतिक्रमण की चपेट में भुईमाड़ बाजार, सड़क और नालियों पर कब्जे से बढ़ी परेशानी

सीधी/कुसमी। जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत भुईमाड़ के मुख्य बाजार क्षेत्र में सड़क और नालियों पर बढ़ते अतिक्रमण ने ग्रामीणों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बाजार में दर्जनों दुकानदारों द्वारा सड़क एवं नाली के ऊपर अवैध रूप से चौकान, टेबल-कुर्सी और अन्य निर्माण कर कब्जा कर लिया गया है, जिससे मुख्य मार्ग संकरा हो गया है और आवागमन प्रभावित हो रहा है।

जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत की मांग पर बीते बुधवार को राजस्व अमले ने भुईमाड़ बाजार क्षेत्र की सड़क सीमा का सीमांकन किया। नाप के दौरान सामने आया कि लगभग 15 से 20 लोगों ने सड़क की सीमा और नाली क्षेत्र पर अतिक्रमण कर रखा है। अतिक्रमण के कारण एक ओर बनी नाली पूरी तरह जाम हो चुकी है, जिससे बरसात के दिनों में बाजार क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन जाती है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर कब्जे के कारण वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं नालियों की सफाई और पानी निकासी बाधित होने से बारिश में पूरे बाजार क्षेत्र में पानी भर जाता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पंचायत ने उठाई कार्रवाई की मांग

ग्राम पंचायत भुईमाड़ की सरपंच लल्ली देवी जंग बहादुर सिंह ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा नाली और सड़क पर अतिक्रमण किया गया है, जिससे नाली जाम हो गई है। सीमांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और प्रशासन से अतिक्रमण हटाने की मांग की जाएगी।

पटवारी राजेश सिंह ने बताया कि पंचायत की मांग पर सड़क की सीमा निकाली गई है। जांच में पाया गया कि 15 से 20 लोगों ने सड़क की भूमि पर अतिक्रमण कर रखा है और अपने घरों-दुकानों के सामने चौकान बना लिए हैं।

ग्राम पंचायत सचिव दीपक मिश्रा ने कहा कि बाजार में एक ओर नाली निर्माण कराया जा चुका है तथा दूसरी ओर भी नाली निर्माण प्रस्तावित है। लेकिन अतिक्रमण के कारण नाली जाम हो गई है, जिससे पानी निकासी बाधित हो रही है और सड़क पर जलभराव की समस्या बनी रहती है।

प्रशासन ने दिए कार्रवाई के संकेत

नायब तहसीलदार दीनबंधु प्रजापति ने बताया कि पंचायत द्वारा प्रस्ताव एवं मांग किए जाने पर अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए जाएंगे तथा नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल यह है कि सीमांकन में अतिक्रमण उजागर होने के बाद प्रशासन कब तक कार्रवाई करता है और भुईमाड़ बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाकर लोगों को राहत दिला पाता है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button