सोन घड़ियाल अभयारण्य में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत उत्खनन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

IMG 20260612 WA0011 News E 7 Live

सोन घड़ियाल अभयारण्य में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत उत्खनन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

सीधी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोन घड़ियाल अभयारण्य क्षेत्र से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। देर रात की गई इस कार्रवाई में वन विभाग की टीम ने सोन नदी के पथरही घाट पर दबिश देकर अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन कर रहे वाहन को पकड़ा। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम एवं भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।

जानकारी के अनुसार, उप संचालक संजय टाइगर रिजर्व सीधी राजेश कन्ना टी. के निर्देशन में तथा सोन घड़ियाल अभयारण्य के अधीक्षक प्रमोद सिंह एवं परिक्षेत्र अधिकारी मनीराम धुर्वे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व कार्यवाहक वनपाल हीरा सिंह मार्को ने किया।

वन विभाग की टीम ने 10 और 11 जून 2026 की दरम्यानी रात करीब 3 बजे सोन घड़ियाल अभयारण्य के भीतरी बीट स्थित सोन नदी के पथरही घाट पर छापेमारी की। इस दौरान अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते हुए स्वराज ट्रैक्टर और ट्रॉली को मौके से जब्त कर लिया गया।

कार्रवाई में कार्यवाहक वनपाल संजीव कुमार सोनकर, वनरक्षक सुरेश चंद्र तिवारी और वेद प्रकाश शुक्ला के साथ सुरक्षा श्रमिक विनय सिंह, रवि पांडे एवं प्रकाश यादव शामिल रहे। टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए वन अपराध प्रकरण क्रमांक 453/4, दिनांक 11 जून 2026 पंजीबद्ध किया।

वन विभाग ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 27, 29, 39(D) एवं 51 तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 2, 41 एवं 52 के तहत कार्रवाई की गई है। जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षा की दृष्टि से सेमरिया थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।

वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button