रेत माफिया के पथराव से बचने, वन टीम ने की हवाई फायरिंग 

IMG 20260529 WA0027 News E 7 Live

रेत माफिया के पथराव से बचने, वन टीम ने की हवाई फायरिंग 

मामला बीट कुर्रवाह के भेलकी घाट सोन नदी का

सीधी

सोन घडिय़ाल अभ्यारण्य क्षेत्र के भेलकी घाट में बीती रात रेत के अवैध उत्खनन में लगे ट्रैक्टरों के पकडऩे जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो रेत माफिया द्वारा पत्थर बरसाने शुरू कर दिए गए। बचाव में वन टीम को अपनी सरकारी बंदूक से फायरिंग करनी पड़ी। जिसके बाद रेत माफिया मौके पर से भाग खड़े हुए। वन टीम द्वारा घटनास्थल से चार ट्रैक्टरों को जप्त किया गया है। जिनके राजसात की कार्रवाई की जा रही है।

सोन घडिय़ाल अभ्यारण्य सीधी के परिक्षेत्राधिकारी मनीराम धुर्वे के अनुसार संजय टाईगर रिजर्व सीधी के उप संचालक राजेश कन्ना टी के निर्देशन में अधीक्षक सोन घडिय़ाल अभ्यारण्य सीधी प्रमोद सिंह के मार्गदर्शन एवं परिक्षेत्र अधिकारी सीधी के हमराह परिक्षेत्र सहायक सिहावल संजीव कुमार सोनकर की अगुवाई में वन अमले की गठित टीम द्वारा दिनांक 26-27 मई की दरम्यानी रात प्रतिबंधित क्षेत्र सोन नदी की रात में गस्त की जा रही थी।

गस्त के दौरान बीट कुर्रवाह अंतर्गत भेलकी घाट सोन नदी से कुछ वाहनों से अवैध रेत उत्खनन/परिवहन किए जाने की सूचना मुखविर से मिली। मोबाइल पर सूचना मिलने पर अधीक्षक सोन घडिय़ाल अभ्यारण्य सीधी को अवगत कराकर उनके मार्गदर्शन में वाहनों से वन अमला टीम भेलकी घाट पहुंची। यहां चार ट्रैक्टर ट्राली में अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन के लिए रेता लोड किया जाता था।

वन टीम को आते देखकर सभी ट्रैक्टर चालक रेता को अनलोड कर भागने का प्रयास किए किंतु रास्ते में वन टीम के मौजूद होने से सभी चालक भाग खड़े हुए। इसके बाद वन टीम द्वारा ट्रैक्टरों को जप्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। उसी दौरान रेत माफिया के लोग मौके पर पहुंचे और पत्थरबाजी शुरू कर दिए। जिससे वाहन का कांच टूट गया। तब आत्मरक्षा में वरिष्ट अधिकारी से अनुमति लेकर हवाईफायर किया गया। जिसके बाद रेत माफिया के लोग भाग खड़े हुए।

घटना से पुलिस थाना जमोड़ी को भी सूचित किया गया। भेलकी घाट में पुलिस अमला एवं अन्य अतिरिक्त वन अमला मौके पर पहुंचा। जिसके बाद रेत माफिया के हौसले और पस्त हुए और उनके द्वारा दोबारा वन टीम के ऊपर हमला करने का प्रयास नहीं किया गया।

इन धाराओं में अपराध पंजीबद्ध

सोन घडिय़ाल अभ्यारण्य द्वारा इस मामले में चार ट्रैक्टरों को जप्त कर विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 27, 29, 39(डी), 51 भारतीय वन अधिनियम 2, 41 एवं 52 के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 537/17 दिनांक 27 मई 2026, क्रमांक 537/18 दिनांक 27 मई 2026, क्रमांक 537/19 दिनांक 27 मई 2026 एवं क्रमांक 537/20 दिनांक 27 मई 2026 को पंजीबद्ध कर विभागीय वाहन चालक से जप्त वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना जमोड़ी को सुपुर्द किया गया। जप्तशुदा वाहनों के विरुद्ध राजसात कार्रवाई प्रस्तावित कर न्यायालय में सूचना देने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम में वनरक्षक रमेश कुमार सोनकर, सुरेश चंद्र तिवारी, सर्वेश कुमार मिश्रा, शेरबहादुर पटेल एवं सुरक्षा श्रमिक जगदीश सोनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वाहनों को सुरक्षार्थ पुलिस थाना जमोड़ी तक पहुंचाने में परिक्षेत्र सहायक कठौतहा कमलापति त्रिपाठी, वन रक्षक वेद प्रकाश शुक्ला, संजय कुमार सिंह, विनीत मिश्रा एवं वाहन चालक श्रमिक रामशिरोमणि पाल, विनय सिंह, सुरक्षा श्रमिक दीपेन्द्र सिंह, देवराज सिंह एवं जमोड़ी का सराहनीय सहयोग रहा है।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button