जमीनी विवाद में बढ़ा तनाव: शिकायत के बाद भी घर के बाहर फेंकी गईं हड्डियां, वीडियो वायरल होने से गांव में आक्रोश

IMG 20260608 WA0005 News E 7 Live

जमीनी विवाद में बढ़ा तनाव: शिकायत के बाद भी घर के बाहर फेंकी गईं हड्डियां, वीडियो वायरल होने से गांव में आक्रोश

सीधी जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेड़रा में जमीनी विवाद अब गंभीर रूप लेता नजर आ रहा है। रविवार को आनंद बैगा के घर में कथित रूप से गाय के मांस और हड्डियां फेंके जाने का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि सोमवार सुबह एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वायरल वीडियो में घर के आसपास हड्डियां फेंके जाने का दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है।

पीड़ित आनंद बैगा पिता जगदीश बैगा (दद्दु) का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों द्वारा लंबे समय से उनकी जमीन पर दावा किया जा रहा है। इसी जमीनी विवाद के चलते पहले भी कई बार विवाद और कहासुनी की घटनाएं हो चुकी हैं। आनंद बैगा का कहना है कि रविवार को उनके घर के आंगन और आसपास मांस तथा हड्डियां फेंकी गई थीं, जिसकी शिकायत उन्होंने तत्काल पुलिस से की थी।

आरोप है कि पुलिस को सूचना देने और शिकायत दर्ज कराने के बावजूद सोमवार सुबह फिर से हड्डियां फेंकी गईं। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद गांव में चर्चा और तनाव का माहौल बन गया है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें गाली-गलौज की जाती है और जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले को लेकर कुसमी थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और पुलिस टीम द्वारा जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो सहित सभी तथ्यों की जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं गांव में बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग उठने लगी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Pragati Pandey

मैं प्रगति पांडे एक फ्रेशर मीडिया जर्नलिस्ट हूं। ट्रैवल बीट पर आर्टिकल्स लिखना मेरी स्पेशलाइजेशन है। इसके अलावा मुझे उन रोचक चीजों के बारे में पढ़ना और लिखना अच्छा लगता है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। मैं मास कम्यूनिकेशन से ग्रैजुएट हूं, लिखने के अलावा मुझे एक्टिंग करना और कविताएं लिखना बेहद पसंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button